Weather Update: शनिवार सुबह से शहर में बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शनिवार को शहर में मध्यम स्तर की वर्षा होने की संभावना जताई जा रही है, साथ ही दिनभर बादल छाए रहेंगे। शनिवार सुबह कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। गौरतलब है कि शुक्रवार रात को भी शहर में हल्की वर्षा का दौर लगातार जारी रहा। इसके पहले शुक्रवार को दोपहर में चार बजे बाद एकाएक पलासिया व बंगाली चौराहा क्षेत्र में वर्षा की तेज बौछारे करीब आधे घंटे तक पड़ी। इस दौरान के शहर के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश हुई।
एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र पर शुक्रवार सुबह 8.30 बजे तक शहर में 6.7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई। इंदौर में अब तक 367 मिमी वर्षा हो चुकी है। भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानी एचएस पांडे के मुताबिक वर्तमान में उत्तर पूर्व अरब सागर पर सुस्ष्ट निम्न दाब का क्षेत्र बना हुआ है, यह आगामी दिनों में ओमान की ओर बढ़ेगा। इस वजह से अरब सागर से नमी आ रही थी। इसके असर से इंदौर में शनिवार को मध्यम स्तर की वर्षा होगी। वहीं दक्षिण पश्चिमी मध्य प्रदेश के खंडवा, खरगोन, धार, उज्जैन व देवास में अच्छी वर्षा होगी। इसके अलावा एक कम दबाव का क्षेत्र बंगाल की खाड़ी में बना हुआ है।
इसके अलावा मानसून द्रोणिका अरब सागर के निम्न दाब क्षेत्र से बंगाल की खाड़ी के निम्न दाब क्षेत्र तक बनी हुई हैं। इस वजह से अभी इंदौर में अगले दो से तीन दिन तक लगातार वर्षा का दौर जारी रहेगा। शुक्रवार को शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 29.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान में 22.4 डिग्री दर्ज किया गया जो कि सामान्य था।